- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- क्लासरूम में तीन लड़को ने मिलकर की...
फैक्ट चैक: क्लासरूम में तीन लड़को ने मिलकर की छात्रा की पिटाई! जानिए सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल वीडियो का सच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इन दिनों अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्लासरूम में छात्रा की पिटाई का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तीन लड़के मिलकर क्लासरूम के अंदर एक छात्रा की पिटाई कर रहे हैं। छात्रा इसके बाद वीडियो में रोती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो को यूजर्स सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
तौसिफ खटिक नाम के एक फेसबुक यूजर ने 29 सेकेंड का यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "ये किसी कॉलेज का वीडियो है और ये ऐसा कॉलेज है जहां हिंदू लड़के लड़कियां साथ पढ़ाई करते हैं। यहां देखिए हिजाब वाली लड़कियों के साथ कैसा बर्ताव करते हैं संघी मानसिकता वाले लड़के। क्या अब भी आप अपनी बहन-बेटी का एडमिशन ऐसे कॉलेज में करना पसंद करेंगे जहां हिंदू लड़के लड़कियां साथ पढ़ाई करते हैं?" इस यूजर ने फेसबुक पर 20 सितंबर को यह वीडियो पोस्ट किया है।
पड़ताल -
हमारी टीम ने इस वायरल वीडियो का सच जानने के लिए इसकी पड़ताल की। सबसे पहले टीम ने कीफ्रेम्स के जरिए रिवर्स गूगल इमेज सर्च किया। सर्च रिजल्ट में इस वीडियो के स्क्रीनशॉट के साथ कई न्यूज आर्टिकल्स सामने आए। ट्रिब्यून सिरेबॉन नाम की वेबसाइट पर इस वीडियो के एक कीफ्रेम इससे संबंधित आर्टिकल 13 फरवरी 2020 को पब्लिश हुई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो मुहम्मदियाह नीड मिडिल स्कूल, पुरवोरेजो, सेंट्रल जावा का है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पुरवोरेजो पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टी की है।
इसके अलावा डेटिक न्यूज नाम की वेबसाइट पर भी इस घटना से संबंधित वीडियो मिला जिसमें छात्रा की पिटाई कर रहे लड़कों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने तीनों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने पीड़ित छात्रा के माता-पिता को भी बुलाया।
पड़ताल में वायरल वीडियो के संबंध में किया गया दावा गलत साबित हुआ। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। इंडोनेशिया के तीन साल पुरीनी वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर भारत की घटना बताई जा रही है।
Created On :   22 Sept 2023 10:07 PM IST